35 लाख बकाया, बेकरी सीज
सोहावल (फैजाबाद)। तहसील क्षेत्र के मजनावां में स्थापित आरके कांस्ट्रक्शन एंड फूड प्रोडक्ट से जुड़ी बेकरी को तहसील प्रशासन ने ऋण वसूली के लिए सील कर दिया है। इस पर पीएनबी बैंक से लिया गया लोन बकाया है। ऋण गारंटी के रूप में शामिल भूमि को नीलामी के लिये राजस्व विभाग ने तिथि तय कर दी है।
नायब तहसीलदार पैगाम हैदर, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक गोकुल प्रसाद, न्यायालय के अधिवक्ता अंशुमाली श्रीवास्तव व रौनाही थाना के उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव के साथ शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने बेकरी को सील कर दिया। नायब तहसीलदार पैगाम हैदर ने बताया कि आरके कांस्ट्रक्शन एंड फूड प्रोडक्ट के संचालक रत्नाकर पांडेय निवासी मजनावां के मजरे कुडौली ने पंजाब बैंक से लोन लिया था। समय पर ऋण की अदायगी न हो पाने से वाद दायर हुआ। जिसके तहत जिलाधिकारी फैजाबाद के आदेश पर ऋण धारक से वसूली की प्रक्रिया शुरू की गयी है। बताया कि 32 लाख से अधिक की बकायेदारी से जुड़े इस मामले से संबंधित भूमि को नीलाम करने की तिथि तय कर दी गयी है। ऋण लेने के समय जमानत के तौर पर लगायी गयी भूमि को नीलाम करके ऋण की अदायगी की जाएगी, इसके लिए फर्म को सील किया गया है।