सीपीएमटी अभ्यर्थियों को फीस वापसी का अंतिम अवसर आज से
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के सीपीएमटी 2016 के अभ्यर्थियों की 7 फरवरी 2017 से प्रारंभ की गई प्रथम चरण की फीस वापसी का अंतिम अवसर 6 फरवरी से 9 मार्च तक दिया गया है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी एसएन शुक्ला ने बताया कि फीस वापसी की प्रक्रिया के सापेक्ष संबंधित बैंकर द्वारा 17 जनवरी को अंतिम रूप से उपलब्ध कराई गई फीस वापसी संबंधित सांख्यिकी के आधार पर संज्ञान में आया है कि, अभ्यर्थियों द्वारा अपलोड किये गये खाता विवरण में विभिन्न त्रुटियों के चलते 35972 खातों में धनराशि स्थानांतरित किया जाना संभव नहीं हो सका था। फीस वापसी की प्रक्रिया के संदर्भ में 9 नवंबर 2017 को विश्वविद्यालय, बैंक व शासन के अधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णयों के सापेक्ष बैंक द्वारा दिनांक 17 जनवरी 2018 को उपलब्ध कराई गई सांख्यिकी से संबंधित अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराते हुए एक बार फिर अंतिम रूप से 35972 अभ्यर्थियों को ऑनलाइन खाता संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। खाता संशोधन की इस सुविधा के अंतर्गत प्रदर्शित सूची के अभ्यर्थी 9 मार्च तक खाते को संशोधित कर सकते हैं। खाता संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान दिशा-निर्देशों को भी वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। खाता संशोधन के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय वेबसाइट पर दिये लिंक पर क्लिक करेंगे। जो उन्हें खाता संशोधन संबंधी वेब पेज पर पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि, खाता संशोधन की यह सुविधा बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए 35972 अभ्यर्थियों को ही प्रदान की जा रही है।