सुरक्षा चौकस, आज शान से लहराएगा तिरंगा
फैजाबाद। गणतंत्र दिवस पर आज जिले में शान से तिरंगा लहराएगा। इसको लेकर जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। जुड़वा नगरी अयोध्या-फैजाबाद में अलर्ट जारी किया गया है। अयोध्या के विवादित परिसर की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों, जवानों को सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है। उधर बृहस्पतिवार को जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। डाग स्कवायड, बम खोजी व निरोधी दस्ते की टीम ने जगह-जगह तलाशी ली। अयोध्या के रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आपीएफ ने जांच अभियान चलाया। संदिग्धों की निगरानी के लिए खुफिया विभाग को लगाया गया है।
गणतंत्र दिवस पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा प्रबंध मजबूत कर दिए गए हैं। आतंकी हमले का दर्द झेल चुकी कचहरी, अयोध्या समेत अतिसंवेदनशील विवादित परिसर, रोडवेज व चौक-चौराहे की सुरक्षा प्राथमिकता में है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अलर्ट रहने को कहा है। किसी संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु की जानकारी होने पर तत्काल मामले की सूचना पुलिस को देने को कहा गया है। एसपीसिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि गणतंत्र दिवस को शांति व सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शहर में जगह-जगह सतत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए भी टीम लगाई गई है। वहीं जिले के अस्पतालों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जिला अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं, दवाओं का भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
आरपीएफ, जीआरपी व बीडीएस ने ली तलाशी
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जुड़वा नगरी के रेलवे स्टेशनों व संवेदनशील स्थलों की बृहस्पतिवार को तलाशी ली गई। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर जीआरपी प्रभारी अशोक राय व आरपीएफ प्रभारी प्रवेश सिंह की अगुवाई में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, यात्रियों के सामान की चेकिंग की गई। वहीं जिले की बीडीएस टीम ने भी जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। अयोध्या के श्रीराम अस्पताल तिराहे पर एसओ रामजन्मभूमि अशोक कुमार मिश्र के निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाया गया।