मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा
फैजाबाद। गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में हुई घटना के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने गांधी जी की प्रतिमा के सामने मौन धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा की मांग की। कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सिविल लाइन के गांधी पार्क में आयोजित मौन धरने के माध्यम से शासन प्रशासन की लापरवाही से मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी गई। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृत बच्चों के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने के लिए भाजपा सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा ने किया। प्रवक्ता मोहम्मद शरीफ के मुताबिक, धरने के बाद जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे के साथ ही अस्पताल प्रशासन के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। शहर अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत पर भाजपा सरकार की संवेदनहीनता इनके मंत्रियों के बयान में स्पष्ट दिखाई पड़ी।
कांग्रेस जन इनको जनता के बीच जाकर बेनकाब करें। पूर्व विधायक माधव प्रसाद, पीसीसी अफजाल अहमद, नाजिम हुसैन, मंडल प्रभारी जन आंदोलन समिति शैलेंद्र पांडेय, जिला महासचिव बृजेश सिंह चौहान, एसपी चौबे ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार केवल समाज को बांट कर सत्ता के कब्जे पर पूरी ताकत लगाए रहते हैं।
आम जनता के दुख-दर्द पर अगर ध्यान देते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता। धरने में सुनील पाठक, चेत नारायण सिंह, इकबाल मुस्तफा, अकबर अली, घनश्याम त्रिपाठी, शीतला, वेद सिंह कमल, शकील अहमद, अनुसूचित विभाग के रामकरन कोरी आदि मौजूद थे।