84 हजार रुपये कैश और तीन मोबाइल बरामद
फैजाबाद। श्रावण मेले को लेकर बरती जा रही चौकसी के दौरान फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने तीन तस्करों को सवा किलोग्राम अफीम, 84 हजार रुपये कैश व तीन मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सावन मेले के अंतिम पर्व को लेकर सोमवार को फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सतर्कता बरतते हुए विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक के फ्लाईओवर के पास तीन संदिग्ध युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास एक किलो दो सौ ग्राम अफीम, 84 हजार रुपये कैश व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
इस पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान मिथुन व पिंटूराम निवासी रतनपुर थाना गिधौर जिला चतरा, झारखंड और विनीत गुप्ता निवासी केलरगंज थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में कबूला है कि, ये अफीम उन्हें आनंद निवासी थाना गिधौर जिला चतरा, झारखंड ने दी थी, जिसे बृजेश वर्मा उर्फ डॉक्टर निवासी खनपुरा गुलचंपा रोड, थाना तिलहर शाहजहांपुर के पास पहुंचाना था।
मगर बृजेश वर्मा अफीम लेने के लिए नहीं आया। उसने विनीत गुप्ता को अफीम लेने भेजा था। मिथुन व पिंटूराम ने बताया कि, वो पहले भी अफीम सप्लाई कर चुके हैं। इसके लिए आनंद व बृजेश दोनों ही उन्हें रकम देते थे। जीआरपी इंस्पेक्टर का कहना है कि, अब आनंद व बृजेश की गिरफ्तारी की जाएगी।