रुदौली। शहर के ख्वाजा हाल मोहल्ले से चोरी कर ले जा रहे पिकअप को एक चोर के साथ पकड़ लिया गया जबकि दूसरा फरार हो गया।
सीओ धर्मेंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार रात कोतवाली रुदौली के ख्वाजहाल मोहल्ले में गश्त पर निकले कोतवाल विश्वनात यादव, चौकी प्रभारी नयागंज राम खिलाड़ी की टीम को पिकअप पर सवार दो युवक दिखाई पड़े।
पुलिस को देख कर पिकअप पर सवार दोनों युवक भागने लगे। शक होने पर दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया गया जबकि दूसरा फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलदीप खटिक निवासी इन्हौना थाना शिवरतनगंज जनपद अमेठी के रूप में हुई, उसने युवक की पहचान खादिम निवासी थाना शिवरतनगंज जनपद अमेठी के रूप में की। कुलदीप ने पिकअप चुराने की की बात स्वीकार की है। सीओ के अनुसार आरोपी शिवरतनगंज में कई केस दर्ज हैं।