मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के राजापुर माफी मजरे नंदन का पुरवा गांव के निकट मोहितसिमपुर निवासी भुल्लन (68) का शव संदिग्ध हालात में यूकेलिप्टस की बाग में पेड़ के पास पाया गया।
घटना के पीछे संपत्ति व जमीनी विवाद में हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पुत्री व साले के बीच मृतक की संपत्ति को लेकर उपजे विवादों के चलते दोनों ने एक दूसरे पर हत्या करने व करवाने कि नामजद तहरीर पुलिस को दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों पक्षों की ओर से हत्या के आरोपों की दी गई तहरीर को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मोहितसिम पुर निवासिनी मृतक भुल्लन की पुत्री शांति देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर के माध्यम से कहा है कि वह अपने पिता माता पिता की इकलौती संतान है।
उसके पिता भुल्लन को कुछ माह पूर्व मृतक के साले महादेव निवासी राजापुर माफी मजरे नंदन का पुरवा अपने घर ले गए थे। जिनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बीती बुधवार की रात गांव के पश्चिम यूकेलिप्टस की बाग में पेड़ से सटा हुआ संदिग्ध हालात में पाया गया है, जो हत्या कर फेंके जाने की संभावनाओं को बल देता है।
कहा है कि उसके पिता किसी बीमारी के न तो मरीज थे न उनका किसी तरह का कोई इलाज चल रहा था। फिर स्वाभाविक मौत नहीं हो सकती है। संपत्ति की लालच में घटना को अंजाम दिया गया है।
मामले में पूराकलंदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल कुमार का कहना है कि मोहितसिम पुर निवासी भुल्लन (68) का शव राजापुर माफी मजरे नंदन का पुरवा में उसकी ससुराल के पश्चिम यूकेलिप्टस की बाग में पेड़ से सटा हुआ पाया गया है।
दोनों आंख से खून का रिसाव है। मृतक की पुत्री शांति देवी ने अनहोनी की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।