सरयू तट पर जल पुलिस चौकी स्थापित
अयोध्या। जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए सोमवार को सरयू तट पर जल पुलिस चौकी का शुभारंभ किया। सरयू तट पर कोरियाई पार्क के बगल में जल पुलिस चौकी की स्थापना की गई, जिसका शुभारंभ एसएसपी आशीष तिवारी ने किया। समस्त संसाधनों से लैस इस पुलिस चौकी मेें 12 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
अयोध्या निवासी स्कंद मौर्य की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने दो माह के भीतर सरयू में लोगों को डूबने से बचाव के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया था।
इस बार सरयू में डूबने की लगातार घटनाएं होती रहीं। ‘अमर उजाला’ ने भी ‘सरयू में डूब रहे श्रद्धालु, प्रशासन बना बेपरवाह’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया था।
इसके बाद सोमवार को जिला प्रशासन ने आखिरकार सरयू तट पर जल पुलिस चौकी का शुभारंभ कर दिया। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि अयोध्या धार्मिक नगरी है। सरयू में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान-पूजन करते हैं।
ऐसे में भक्तों के डूबने की घटनाओं पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। बताया कि जल पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है। चौकी में 12 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दो कच्चा घाट व दो पक्का घाट पर दो-दो बोट तैनात की जा रही हैं।
साथ ही चार पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। शेष की भी तैनाती ट्रेनिंग के बाद एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी। इस दौरान सीओ अयोध्या अमर सिंह, कोतवाली प्रभारी जगदीश उपाध्याय सहित अन्य मौजूद रहे।