अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 700 लोग योगाभ्यास करेंगे। आयोजन विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह प्रांगण में होगा।
योगोपचार विभाग के समन्वयक एवं योग दिवस के संयोजक प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार के समक्ष प्रांगण में लगभग 700 प्रतिभागियों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।
योग दिवस पर प्रतिभागियों में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं एनएसएस, एनसीसी के स्टाफ तथा कैडेट्स बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे।
प्रो. मिश्र ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य अतिथि लखनऊ विश्वविद्यालय के आचार्य डॉ. सुधीर मिश्र होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित करेंगेे। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में प्रात: 05.30 से सुबह 7 बजे के मध्य संपन्न होगा।