सीबीएअयोध्या। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में फेल होने वाले विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने के लिए अब तीन मौके देने का फैसला लिया है। अब तक यह अवसर उन्हें पांच बार मिलता था। सत्र 2019-20 से ही यह नई व्यवस्था लागू होगी। इस आशय का आदेश सभी स्कूलों में पहुंच गया है।
जिले में सीबीएसई पैटर्न पर 26 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें करीब 35 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बोर्ड परीक्षा में किसी एक विषय में फेल होने वाले विद्यार्थी को कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाता है। इसके लिए अलग से परीक्षा कार्यक्रम जारी होते हैं। इस व्यवस्था से अगर किसी वजह से विद्यार्थी का एक पेपर खराब हो जाता है तो उसे दोबारा पूरे साल पढ़ाई नहीं करनी पड़ती है।
इस परीक्षा में शामिल होकर उसे अगली कक्षा में जाने का मौका मिलता है और उसका पूरा साल बर्बाद होने से बच जाता है। पुरानी व्यवस्था के तहत एक विषय में फेल होने वाले विद्यार्थी को कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने के लिए पांच मौके दिए जाते थे। वहीं प्रैक्टिकल के नंबर अगले साल में होने वाली परीक्षा में जुड़ जाते थे।
काफी अरसे से बोर्ड से इस व्यवस्था में बदलाव की मांग की जा रही थी जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। इसके तहत अब अभ्यर्थी को तीन मौके मिलेंगे। वहीं उसके प्रैक्टिकल के नंबर अगले साल होने वाली परीक्षा में जुड़ जाएंगे।
सीबीएसई बोर्ड के जिला को-आर्डिनेटर प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि अब परीक्षार्थी तीन बार ही कंपार्टमेंट एग्जाम दे सकते हैं। इसके लिए बोर्ड से आदेश जारी कर दिया गया है और जिले के सभी स्कूलों में आदेश की एक प्रति भी पहुंच गई है। इसी सत्र से इसका अनुपालन किया जाएगा।