जिले को मिले 40 नए ग्राम विकास अधिकारी
फैजाबाद। शासन से जिले को 40 नए ग्राम विकास अधिकारी मिल गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों में से 38 ने अपने प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए हैं। नए ग्राम विकास अधिकारियों की आमद से गांव के विकास कार्यों को कराने में सुगमता की उम्मीद है।
प्रदेश स्तर पर 2942 ग्राम विकास अधिकारियों का चयन किया गया। 10 सितंबर को मुख्यमंत्री ने ऐसे चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र देने की शुरूआत लखनऊ में की थी।
जिले में ग्राम विकास अधिकारियों के लगभग 61 पद खाली हैं लेकिन पहले अधियाचन में जिले के लिए 40 ग्राम विकास अधिकारियों का पद भेजा गया था। इसलिए प्रदेश से जिले के लिए 40 ग्राम विकास अधिकारियों को भेजा गया।
जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह ने बताया कि इसमें से 38 ने अपने प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए हैं। अब इनके सेवाकालीन पूर्व प्रशिक्षण की तैयारी है। शासन से निर्देश आने पर पता चलेगा की चयनित ग्राम विकास अधिकारियों को कितने दिन का प्रशिक्षण दिया जाना है।