फैजाबाद। जिले में शनिवार को जनपद न्यायाधीश एसएएच रिजवी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2766 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही करीब चार करोड़ 63 लाख 86 हजार रुपये अर्थदंड और समझौता राशि वसूल की गई। लोक अदालत में फरियादियों की भीड़ जुटी रही।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अफसर व अपर जिला न्यायाधीश बीडी गौतम और प्रभारी सचिव/सिविल जज (सीडि.) ज्ञान प्रकाश के अनुसार लोक अदालत में कुल 2303 वादों को निस्तारित किया गया। मोटर दुर्घटना दावा याचिका से संबंधित 36 मामलों को निस्तारित किया गया। इसमें कुल 16917345 रुपये प्रतिकर दिलाया गया। बैंक रिकवरी से संबंधित 463 प्रीलिटिगेशन वाद निस्तारित किए गए और बैंक से संबंधित ऋण 17120733 रुपये वसूल किए गए। पारिवारिक न्यायालय द्वारा 19 मुकदमों को निस्तारित किया गया। 828000 रुपये भरण पोषण के रूप मेें दिलाए गए। संबंधित मजिस्ट्रेट न्यायालयों से 1778 फौजदारी वादों को निस्तारित किया गया। जिसके अवज में 68170 रुपये अर्थदंड आरोपित किया गया। सिविल न्यायालय द्वारा कुल 54 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें 10070481 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र आदि जारी किया गया। राजस्व मामलों से संबंधित 399 वाद विभिन्न न्यायालयों द्वारा निस्तारित किए गए। बीएसएनएल से संबंधित 33 वाद निस्तारित किए गए।