अमसिन। खंड शिक्षा अधिकारी ने क्षेत्र में चल रहे गैर मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों का शनिवार को औचक निरीक्षण किया, जिसमें नौ स्कूलों को अवैध रूप से संचालित होने पर बंद करने का निर्देश दिया। विभाग की इस कार्रवाई पर स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
विकासखंड मयाबाजार के गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों का औचक निरीक्षण खंड शिक्षाधिकारी घनश्याम वर्मा ने किया। इस दौरान निरीक्षण में शिव नारायण पब्लिक स्कूल बरईपारा, महादेव सरस्वती शिक्षण संस्थान दिलासीगंज, वाईएलएस ईशापुर, किशोरी लाल शिक्षण संस्थान महबूबगंज, साइनिंग चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल गोसाईगंज, नेशनल पब्लिक स्कूल गोसाईगंज, आरबीएम जीनियस फ्यूचर गोसाईगंज, जेआरबी पब्लिक स्कूल गोसाईगंज, द नेशनल पब्लिक स्कूल गोसाईगंज को बगैर मान्यता के संचालित होते पाया गया। बीईओ ने इन सभी स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी गई कि स्कूल संचालित होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के समय महराजगंज थाने के एसआई प्रवींद कुमार यादव भी मौजूद रहे। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्यालयों की जांच चल रही है।