भाजपा विधायक ने एसओ कैंट पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
फैजाबाद। मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा ने थाना प्रभारी कैंट के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रभारी मंत्री सतीश महाना को 4 मई को शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें मंत्री ने एसएसपी को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने शिकायतों की जांच सीओ सिटी को सौंपी है।
शिकायती पत्र में मिल्कीपुर के भाजपा विधायक गोरखनाथ ने थाना प्रभारी कैंट राजेश सिंह का व्यवहार व कार्यशैली निंदनीय व भ्र्रष्टाचार युक्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कैंट थाना क्षेत्र के जमथरा, तिवरा मांझा, मिर्जापुर, मुमताजनगर, रामसिंह का पुरवा, पलिया, गुदौली आदि में एसओ के संरक्षण में अवैध शराब की बिक्री का आरोप लगाया। विधायक ने साक्ष्य के तौर पर एक सीडी व पीड़ितों का शिकायती पत्र भी उपलब्ध कराया है। विधायक के शिकायती पत्र पर सीओ सिटी को जांच सौंपी गई है। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि मामले में सच्चाई की तह तक जाया जाएगा, पीड़ितों का अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
अपने भाई के खिलाफ केस दर्ज होने पर भी जताई थी नाराजगी
20 अप्रैल को कैंट थाना के बढ़ई का पुरवा गांव में एक मजदूर की पिटाई के मामले में पुलिस ने विधायक के भाई विक्की बाबा पर केस दर्ज किया था। मामले में विधायक ने नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी पर उनके भाई का फंसाने का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि थाना प्रभारी जानबूझकर उन्हें व उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।