जिले में बनेगा एक और विद्युत खंड
फैजाबाद। मंडल मुख्यालय को एक और विद्युत खंड की सौगात मिलने जा रही है। यह विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के नाम से जाना जाएगा। हालांकि रुदौैली को मिलाकर यह पांचवां खंड होगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। चालीस हजार से अधिक कनेक्शनधारी इसमें जोड़े जाएंगे। इसका ऑफिस शहर में ही खोले जाने के साथ अधिशासी अभियंता समेत सात अवर अभियंता की नियुक्ति की जाएगी। नए खंड के खुल जाने से सर्विस, सप्लाई व रेवन्यू बढ़ेंगे। सबसे खास यह होगा कि शहर का लोड दो भागों में बंट जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को आए दिन होने वाली विद्युत समस्याओं से निजात मिल सकेगी।
जिले में फिलवक्त चार विद्युत वितरण खंड से 2.7 लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसके लिए 46 विद्युत उपकेंद्र का बने हुए हैं। विद्युत वितरण खंड प्रथम में 11, विद्युत वितरण खंड द्वितीय में 19, विद्युत वितरण खंड तृतीय या मिल्कीपुर में छह व विद्युत वितरण खंड रुदौली में सात उपकेंद्र है। विद्युत वितरण खंड में कनेक्शन की संख्या 55 हजार, विद्युत वितरण खंड द्वितीय व तृतीय में 1.50 लाख व रुदौली वितरण खंड में करीब 50 हजार विद्युत उपभोक्ता है। मौजूदा समय में विद्युत वितरण खंड द्वितीय दर्शननगर पर सर्वाधिक लोड है। इसके लिए अभी हाल ही में विद्युत वितरण खंड में तृतीय मिल्कीपुर का गठन किया गया। यहां मौजूदा समय में अधिशासी अभियंता व जेई की नियुक्ति कर दी गई है। बीकापुर के कुछ क्षेत्र व मिल्कीपुर के सब स्टेशनों को जोड़कर नया खंड बनाया गया है।
बढ़ते लोड को देखते हुए अब एक बार फिर से नया खंड बनाने की कवायद शुरू हो चुकी। नया विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में दर्शन नगर व भदरसा के इलाकों समेत शहर के नाका इलाके की आबादी को जोड़ा जाएगा। इसको दो उपखंडों फेसू द्वितीय नाका व दर्शननगर होगा। इसमें आठ विद्युत उपकेंद्र होंगे। फेसू द्वितीय नाका में देवकाली, नाका, नाका दुर्गापुरी व कौशलपुरी उपकेंद्र जोड़े जाएंगे। जबकि दर्शननगर उपखंड पर दर्शन, मसौधा, भदरसा व पूरा बाजार के विद्युत उपकेंद्र जोड़े जाएंगे। इसकी शासन से अनुमति मिल चुकी है। पावर कॉरपोरेशन मौजूदा समय में ऑफिस की तलाश में है। जल्द ही अधिशासी अभियंता व सात जेई की नियुक्ति होगी। विद्युत वितरण खंड के रनिंग में आ जाने के बाद शहर पर बढ़ता लोड कम होने के साथ सर्विस व सप्लाई में भी बेहतरी होगी। विभाग को उम्मीद है कि उसका रेवन्यू भी बढ़ जाएगा।
25 नए विद्युत उपकेंद्र खोले जाने का प्रस्ताव
जिले में सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जिले का लक्ष्य 3.44 लाख का है। जिले में पहले से ही कनेक्शनों की संख्या 2.70 लाख के ऊपर है। ऐसे में कुल कनेक्शनों की संख्या 6.14 लाख से ऊपर हो जाएगी। इसके लिए पावर कॉरपोरेशन 25 नए उपकेंद्र खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इसमें 11 उपकेंद्र शहर के लिए प्रस्तावित हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन उपकेंद्रों के खुल जाने के बाद विद्युत व्यवस्था में सुधार आएगा।
उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या व लोड के चलते विद्युत वितरण खंड चतुर्थ खोले जाने की अनुमति शासन की ओर से मिल गई है। काम शुरू हो गया है। जल्द ही अधिशासी अभियंता व जेई की नियुक्ति के साथ ऑफिस शहर में खोला जाएगा।- एएस रघुवंशी, अधीक्षण अभियंता पावर कॉर्पोरेशन, फैजाबाद