जिले के दो सांसद दिखाएंगे विशेष ट्रेन को हरी झंडी
अयोध्या। अवध क्षेत्र और समूचे उत्तर भारत के लोगों की अरसे की हसरत रविवार को पूरी होने वाली है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्म क्षेत्र अयोध्या और कर्म क्षेत्र रामेश्वरम को मिलाने वाली पहली विशेष ट्रेन अयोध्या से रवाना होगी। समारोह के बीच इसे यहां के लोकसभा सदस्य लल्लू सिंह और राज्य सभा सदस्य विनय कटियार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जरूर रामेश्वरम् से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी है लेकिन भगवान राम की जन्मस्थली से उनके कर्म क्षेत्र से जुड़ने वाले और बारह ज्योर्तिंलिंगों में से एक रामेश्वरम् तक श्रद्धालुओं को ले जाने वाली इस ट्रेन के अयोध्या से चलने का अपना अलग महत्व है।
अब तक अवध के लोगों को सीधे रामेश्वरम् जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं मिल पाई थी, कारण चाहे कुछ भी रहा हो। अयोध्या में सरयू रेल पुल बनने और प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से इसके उद्घाटन के बाद से इस क्षेत्र के लोगों में अयोध्या से रामेश्वरम् तक सीधी ट्रेन की चाहत बढ़ गई थी लेकिन इसके लिए कई साल तक इंतजार करना पड़ा।
एनडीए की सरकार बनने के बाद एक बार फिर भाजपा सांसद ने इसको लेकर लिखापढ़ी तेज की। अंतत: अयोध्या को यातायात की दृष्टि से बड़ा तोहफा मिल गया। रविवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन पर समारोह के बीच इसे दोपहर 1:10 बजे रवाना किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुताबिक, नौ अगस्त से श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को 23.55 बजे फैजाबाद से चलकर रामेश्वरम् तक नियमित रुप से संचालित की जाएगी।