सर्पदंश से महिला की मौत
तारुन। थाना क्षेत्र के नागपाली दलित बस्ती में शनिवार रात सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई।
बताया गया कि करमराज कोरी की पत्नी रेखा (28) शाम को मजदूरी करके घर लौटी और खाना बनाने जा रही थी। घर में ढिबरी जलाने के लिए केरोसिन नहीं होने के कारण वह अंधेरे में ही कमरे में आलू निकालने गई। जहां उसे सांप ने डंस लिया। इसकी जानकारी होने पर परिवारीजन रेखा को अस्पताल ले गए, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के पति करमराज ने बताया कि गरीब होने के बावजूद गांव का कोटेदार उसे केरोसिन नहीं दे रहा था। ढिबरी जलाने के लिए घर में बूंद भर भी केरोसिन नहीं था, इसी वजह से अंधेरे में रेखा सर्पदंश का शिकार हो गई। आपूर्ति निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि, कोटेदार द्वारा रेखा के परिवार को केरोसिन नहीं देने के चलते ये घटना हुई है। ये गंभीर मामला है। इसकी जांच कराकर कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।