क्षेत्र में दो गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को कराया बंद
मवई (फैजाबाद)।मवई शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में तैनात अध्यापकों की लापरवाही खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कार्रवाई के बाद भी हालात में सुधार नही आ रहे है। सोमवार को मवई क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में एक अध्यापिका समेत तीन अध्यापक के निलंबन की संस्तुति हुई। जबकि मवई क्षेत्र में दो गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद कराया।
मवई के खंड शिक्षाधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने सोमवार को शिक्षा क्षेत्र के विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें प्राथमिक विद्यालय द्वारिकापुर में सहायक अध्यापिका शक्ति अग्रवाल बिना किसी सूचना के गैर हाजिर रही। इस दौरान ग्रामीणों ने स्कूल में अध्यापकों के कभी कभार ही आने की शिकायत की, जिस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने अध्यापिका के निलंबन की संस्तुति बीएसए को भेजी है।
वही पूर्व माध्यमिक स्कूल चंद्रा मऊ बैरम में सहायक अध्यापक रामसरन वर्मा बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थिति रहे, जिनके निलंबन की कार्रवाई बीईओ ने की तो दूसरी ओर पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर गुदारा में सहायक अध्यापक जीवित राम भी बिना किसी पूर्व सूचना के गैर हाजिर रहे।
इस पर बीईओ ने लापरवाह अध्यापकों को निलंबित करने के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। वहीं, जांच के दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय द्वारिकपुर में कम बच्चे मौजूद मिले, जिसे दुरुस्त करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी मवई अरुण वर्मा ने बताया कि इसके अलावा बिना मान्यता के चल रहे स्कूल स्वामी विवेकानंद मेमोरियल मांटेसरी स्कूल स्थित तिवारी का पुरवा को तत्काल बंद करने की नोटिस दिया गया है। वहीं चक पुरवा स्थित बाबादीन मेमोरियल स्कूल के प्रबंधक को जल्द मान्यता के कागज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।