जिले के 22 केंद्रों पर मंगलवार को दो पालियों में शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। आठ केंद्रों पर दो पालियों में और 14 केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा होगी। इसमें 15481 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12:30 बजे तक और द्वितीय पाली में अपराह्न 2:30 से शाम 5 बजे तक होगी।
परीक्षा को सुचारु रूप से सुव्यस्थित, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त 22 मजिस्ट्रेट व 22 पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए चार सचल दल बनाया गया है। 22 मजिस्ट्रेट/पर्यवेक्षक को आरक्षित किया गया है।
परीक्षा के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी गई है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर परिधि में भीड़ एकत्र नहीं होगी तथा फैक्स, फोटोकॉपी व मोबाइल की दुकानें नहीं खुलेंगी। कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रानिक डिवाइस बैग आदि नहीं ले जा सकेगा।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र के अंदर अथवा बाहर वाहन स्टैंड और क्लॉक रूम की व्यवस्था रहेंगी, जहां अभ्यर्थी अपने बैग, मोबाइल आदि को सुरक्षित रख सके।