शहर में खेले जा सकेंगे अंतरराष्ट्रीय मैच
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय तमाम सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने की तैयारी में है। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय अपने परिसर में ही 10 एकड़ भूमि पर स्टेडियम का निर्माण करेगा। इसके लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। साथ ही प्रपोजल बनकर कुलपति कार्यालय पहुंच गया है। उम्मीद है कि अगली कार्यपरिषद की बैठक में इस पर चर्चा कर स्टेडियम निर्माण की तैयारी शुरू हो जाएगी।
विश्वविद्यालय ने जो प्रपोजल तैयार किया है, इसमें हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल व एथलेटिक्स जैसे महत्वपूर्ण खेल के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार स्टेडियम बनाया जाना है। इसमें बाकायदा अंतरराष्ट्रीय स्तर की नौ लाइनों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक खेल के लिए अलग-अलग ग्राउंड बनाने की तैयारी है। इसके अलावा स्टेडियम में बैठने व साज-सज्जा को भी अति आधुनिक बनाए जाने का प्रस्ताव है। पूरी कवायद को अमली जामा पहनाने के लिए विश्वविद्यालय ने अपने ही कैंपस में आईटी विभाग के बगल स्थान चिह्नित किया है। भूमि चिह्नित होने के बाद स्टेडियम के मानक के अनुसार नक्शा तैयार किया गया है। पूरा प्रपोजल व नक्शा कार्य परिषद की बैठक में रखा जाएगा। यहां से अनुमति व बजट के एलॉटमेंट के बाद निर्माण की कार्यवाही शुरू होगी।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग के सचिव डॉ. मुकेश वर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मानकों पर स्टेडियम का प्रपोजल तैयार कर कुलपति के अवलोकनार्थ भेजा गया है। इस पर अंतिम निर्णय कार्यपरिषद की बैठक में होगा। कहा कि स्टेडियम के निर्माण से शहरवासी अंतरराष्ट्रीय मैचों का लुत्फ तो ले ही सकेंगे, साथ ही आसपास के जिलों की खेल प्रतिभाओं को भी निखारा जा सकेगा। उनका मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण से विभिन्न खेलों के अच्छे कोच भी मिलेंगे। इससे खिलाड़ियों को काफी मदद मिलेगी।
संगीत अकादमी खोलने का भी प्रस्ताव
फैजाबाद। अवध विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की संगीत अकादमी भी खोलने की तैयारी है। विश्वविद्यालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इससे लिए भी भूमि चिह्नित कर ली गई है। यह संगीत अकादमी मशहूर गजल गायिका बेगम अख्तर के नाम पर होगी।
एल्युमिनी एसोसिएशन की बैठक संपन्न
फैजाबाद। अवध विश्वविद्यालय के एल्युमिनी संघ के 6 मार्च को प्र्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में बैठक पर्यावरण विभाग में हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। एल्युमिनी संघ के उपाध्यक्ष ओपी सिंह ने बताया है कि बैठक में कार्यक्रम का पोस्टर रिलीज करने व कार्यक्रम की रूपरेखा जारी पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया है कि 6 मार्च के कार्यक्रम में पत्रिका गुरुकुल स्मृति का लोकार्पण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई है। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आलोक बंसल व संचालन पर्यावरण विभाग के प्रोफेसर डॉ. जसवंत सिंह ने किया।