टीम ने एक्सपाइरी सामान को फेंकवाया
फैजाबाद। खाद्य विभाग ने खाने-पीने के सामानों में मिलावट व अनियमितताओं की शिकायत पर बुधवार को जिले में विभिन्न जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान चार दुकानों से खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए और एक्सपाइरी सामान को फेंकवा दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने पूर्व में की गई शिकायत के क्रम में सुभाषनगर स्थित जगदीश के मिठाई के कारखाने से छेना व खोवा का नमूना सील किया। अन्य अनियमितताओं को दूर करने के लिए दुकान स्वामी को निर्देशित किया गया।
इसी दुकान से एक सप्ताह पूर्व भी कुछ मिठाइयों के नमूने लिए गए थे। इसके बाद टीम पूरा ब्लॉक के दर्शननगर बाजार पहुंची। यहां सूर्यकुंड तिराहे पर संतोष किराना स्टोर से नमकीन का नमूना लिया गया जबकि एक्सपायर हुए तेल व बेसन को अपनी मौजूदगी में टीम द्वारा फेंकवाया गया।
यहीं के साहू ट्रेडर्स से काजू, बिस्कुट का नमूना तथा मिठाईलाल की मिठाई की दुकान से क्रीम का नमूना लिया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सम्राट श्रीवास्तव, डा. प्रदीप, दिनेश चौधरी आदि मौजूद रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि एक अभियान के तहत क्षेत्रवार छापेमारी की जा रही है। मिलावट करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।