दर्जनों इलाकों में तीन दिन तक गुल रहेगी बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अयोध्या के आंशिक इलाके समेत फैजाबाद के दर्जनों इलाकों में तीन दिनों तक बिजली बाधित रहेगी। इसका असर अयोध्या के कई मंदिरों में भक्तों के दर्शन पर भी पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि दर्शननगर उपकेन्द्र के कई फीडरों से अयोध्या के कई इलाकों में आपूर्ति होती है।
पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन अशोक कुमार ने बताया कि दर्शननगर उपकेंद्र की क्षमता बढ़ोत्तरी करके 132 केवीए किया जा रहा है। इससे 33 केवीए नाका व आमानीगंज से पोषित होने वाले होने वाले 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र नाका, कौशलपुरी, देवकाली, लालबाग, आमानीगंज, चौक व नियांवा से संबंधित क्षेत्रों की आपूर्ति आंशिक व पूरी तरह से गुल रहेगी। इनमें हर उपकेन्द्रों से आठ-आठ, दस-दस मोहल्ले और हजारों उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। कॉर्पोरेशन के मुताबिक 28 जून से एक जुलाई तक बिजली बाधित रहेगी, जिसका असर इन क्षेत्रों की करीबन दो लाख आबादी पर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि दर्शननगर उपकेन्द्र पर अब तीन ट्रांसफार्मर 40 एमवीए के व अलग दो ट्रांसफार्मर 40 एमवीए के एवं एक 63 केवीए के लगाये जाने हैं। इससे उपकेन्द्र से पोषित उपकेंद्र भी बंद रहेंगे। एक्सईएन ने संबंधित उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया है।