अयोध्या। अवनीश कुमार सिंह। हैरिंगटनगंज के प्राथमिक विद्यालय रमऊपुर के प्रधानाध्यापक। रामपुर भगन के रहने वाले हैं। दोनों हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इस हालत में ये मतदान कराने की स्थिति में नहीं थे।
इसी हालत में यह दूसरे के सहयोग से पांच मई को हवाई पट्टी भी पहुंचे थे। छोटे से बड़े अफसर तक ड्यूटी पर न भेजे जाने का आग्रह किया।
अपने स्थान पर दूसरे की व्यवस्था कर देने पर न भेजे जाने का निर्देश मिला। ऐसा उन्होंने किया भी लेकिन अब इनका भी दो दिन का वेतन कटेगा और प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने का आदेश हो गया है। इसे व्यवस्था की संवेदनहीनता के सिवा क्या कहा जाएगा।
प्रधानाध्यापक की जुबानी इनकी कहानी ऐसी है। बताते हैं कि छह मई को लोकसभा चुनाव में पीठासीन अधिकारी के रूप में उनकी ड्यूटी अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में लगी थी।
तीन मई को स्कूल बंद करके घर वापस आते समय दराबगंज के पास एक बाइक वाले ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी जिससे उनका दोनों हाथ टूट गया। पैर तथा शरीर में भी चोट लगी।
फैजाबाद के एक निजी हॉस्पिटल में उनके दोनों हाथों का ऑपरेशन कर प्लास्टर चढ़ा दिया गया। छह मई के लोकसभा चुनाव के लिए पांच मई को हवाई पट्टी से रवानगी करने के लिए सभी कर्मचारियों को बुलाया गया था।
बताते हैं कि इसी अवस्था में अपने पड़ोसी प्रमोद पांडेय के साथ हवाई पट्टी पर सुबह साढ़े आठ बजे सीडीओ/प्रभारी मतदान कार्मिक अभिषेक आनंद के समक्ष उपस्थित होकर ड्यूटी काटने की याचना की।
उनके द्वारा अभी देखने की बात कही गई। काफी देर बीतने के बाद वह पुन:वापस लौट कर नहीं आए। तो एसडीएम सदर जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट के पहुंचे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट ने कहा कि किसी रिजर्व कर्मचारी को लाइए उसकी ड्यूटी लगा दूं। तब अविनाश कुमार पांडेय प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय रौहारी तारुन की ड्यूटी मेरे स्थान पर पीठासीन के रूप में लगा दी गई।
मुझे वापस कर दिया गया। बावजूद इसके जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर बीएसए अमिता सिंह ने अवनीश कुमार का पांच और छह मई दो दिन का वेतन काटने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश खंड शिक्षाधिकारी हैरिंगटनगंज को दिया है। इसकी पुष्टि खंड शिक्षाधिकारी हैरिंगटनगंज रमेश कुमार वर्मा ने की है।