अवध विश्वविद्यालय की बैक पेपर परीक्षाएं 16 से
फैजाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. राम लखन सिंह के निर्देशन में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की बैक पेपर परीक्षा-2018 की परीक्षाएं 16 अक्तूबर से प्रारंभ होकर 19 नवंबर तक चलेंगी।
बैक पेपर परीक्षा में 25 केंद्रों पर 95 हजार से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे। प्रो. सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप मुख्य परीक्षा की तरह इस बार भी विश्वविद्यालय नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दृढ़ संकल्प है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की वर्ष 2018 की बैक पेपर परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न जिलों के डीएम व एसएसपी/एसपी को परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के लिए पत्र भेज दिया गया है।
प्रभारी कुलपति ने विभिन्न जिलों के केन्द्रों पर होने वाली बैक पेपर परीक्षा में महाविद्यालयों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बैक पेपर परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों के निगरानी में संपन्न होगी।
इस संबंध में प्रो. सिंह ने विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम में कैमरों के क्रियाशील होने के संबंध में ऑनलाइन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैक पेपर परीक्षा के संबंध में परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा होने वाली बैक पेपर परीक्षा संबद्ध महाविद्यालयों के विभिन्न जिलों के कुल 25 परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न होगी।
जिसमें अंबेडकर नगर में पांच, सुल्तानपुर में छह, फैजाबाद तीन, बाराबंकी में दो, गोंडा में दो, बहराइच में एक, बलरामपुर में एक एवं प्रतापगढ़ के पांच केंद्रों पर परीक्षा सम्पन्न होंगी। इस परीक्षा में स्नातक एवं परास्नातक के लगभग 95 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे है।