राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में करेंगे श्रीराम महायज्ञ
अयोध्या। साध्वी प्राची ने बुधवार को रामनगरी के संतों से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि वह अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण के लिए श्रीराम महायज्ञ का आयोजन करेंगी।
इसकी तैयारियों के लिए वह मंगलवार को अयोध्या पहुंची हैं और संत-महंतों से मुलाकात कर रही हैं। कहा कि श्रीराम महायज्ञ में राममंदिर निर्माण का संकल्प लेकर आहुतियां डाली जाएंगी।
उम्मीद जताई कि मोदी व योगी सरकार में ही रामंमदिर का निर्माण होगा। कहा कि 2019 से पहले राममंदिर का निर्माण हो जाना चाहिए। साध्वी प्राची ने कहा कि सरकार व कोर्ट से निवेदन कर रहे हैं कि राममंदिर जल्द से जल्द बने।
हिंदुओं व रामभक्तों ने सरकार बनाई थी ताकि अयोध्या के अंदर भव्य राममंदिर बन सके। राम के नाम पर ही सत्ता पर पहुंचते हैं, अंतिम यात्रा भी राम नाम सत्य के साथ होती है। सरकार अब हमारे धैर्य की परीक्षा न ले।
यदि 2019 से पूर्व राममंदिर का निर्माण नहीं हुआ तो रामभक्तों का भाजपा से मोह भंग हो जाएगा। कहा कि हम राममंदिर के लिए श्रीराम महायज्ञ अयोध्या में करेंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। संत-महंतों से मुलाकात कर शीघ्र ही श्रीराम महायज्ञ की तिथि घोषित की जाएगी।