47 केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा, 23668 अभ्यर्थी होंगे शामिल
अयोध्या। महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड विवि बरेली के तत्वावधान में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रवेश परीक्षा बीएड सत्र 2019-21 प्रवेश परीक्षा 15 अप्रैल को होगी।
इसमें पूरे प्रदेश में छह लाख नौ हजार दो अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। जिले में 47 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें कुल 23668 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
यह बातें बीएड प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. आरएन राय ने शनिवार डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि के विवेकानंद सभागार में केन्द्र अध्यक्षों व पर्यवेक्षकों की आयोजित बैठक में कहीं।
कहा कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास की सभी फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से आये प्रो. केके चौधरी ने कहा कि केन्द्र अध्यक्षों को परीक्षा में किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं।
समस्या का निवारण तत्काल विश्वविद्यालय व जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारियों द्वारा कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारंभ के 30 मिनट के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में सम्मिलित नहीं होने दिया जायेगा।
अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो व आईडी कार्ड का मिलान करने पर ही प्रवेश दिया जाए। जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी सोमदत्त मौर्य ने कहा कि बीएड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर दो पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है।