अयोध्या। मुस्लिम मंच की महिलाओं द्वारा सरयू में वजू किए जाने के बाद अयोध्या के कुछ संतों द्वारा मां सरयू की निर्मलता के लिए दुग्धाभिषेक किए जाने पर श्री महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि मां सरयू सदा पवित्र हैं और रहेंगी। सरयू को पवित्र करने की बात कहने व सोचने वाले मूर्खता का परिचय दे रहे हैं।
श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष व मणिरामदास छावनी के श्री महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि सरयू में स्नान करना, आचमन करना तो अच्छी बात है हम उनका स्वागत करते हैं। कहा कि सरयू कभी अपवित्र नहीं हो सकती। सरयू पापनाशिनी हैं। सरयू में आचमन, स्नान करने से पाप धुलते हैं। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण का उद्देश्य लेकर जो भी अयोध्या आता है हमें उसका स्वागत करना चाहिए। चाहे वह किसी भी जाति, धर्म और मजहब का हो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, अवहेलना करने वाले बुद्धिहीन हैं। राम मंदिर की बात करने वालों का स्वागत करना चाहिए उनका निरादर करने वाले अभागे हैं।