आज रामलला के दर पर मत्था टेकेंगे 150 प्रवासी
अयोध्या। हांगकांग से 150 प्रवासी भारतीयों का एक दल बृहस्पतिवार को रामलला के दरबार में मत्था टेककर विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष श्रीमहंत नृत्यगोपाल दास से भी मुलाकात करेगा। दल रामजन्मभूमि न्यास कार्यशाला व रामसेवकपुरम का भी भ्रमण कर राममंदिर की तैयारियों के बारे में भी जानेगा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि हांगकांग से 150 प्रवासी भारतीय अयोध्या पहुंचकर रामलला समेत अन्य मंदिरों में माथा टेकेंगे। बताया कि यह दल बुधवार को देर रात अयोध्या पहुंच जाएगा और बृहस्पतिवार सुबह सरयू स्नान कर, रामलला, हनुमानगढ़ी व कनकभवन के दरबार में हाजिरी लगाएगा। बताया कि विदेशों में सक्रिय विहिप के पदाधिकारी प्रवासी भारतीयों से संपर्क कर उन्हें प्रयाग और अयोध्या जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी क्रम में कुंभ से पूर्व हांगकांग से यह दल अयोध्या पहुंच रहा है।