परीक्षा केंद्र में बिजली गुल व बंद मिले कैमरे
फैजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा के समय शनिवार को मंडलीय सचल टीम को निरीक्षण के दौरान तमाम खामियां मिलीं। एक परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण के समय बिजली गुल मिली और सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इस पर डीडीआर ने डीआईओएस को कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में दूसरा नकलची भी शनिवार को पकड़ा गया।
प्रेस सेल प्रभारी राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि द्वितीय पाली में इंटर अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान उप शिक्षा निदेशक सूरज नारायण मिश्र ने मंडलीय सचल दल के साथ जिले के विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मिल्कीपुर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां परीक्षा केंद्र पर विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही थी और कैमरे बंद पाए गए। डीडीआर द्वारा केंद्र व्यवस्थापक से इस संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि जेनरेटर की व्यवस्था भी नहीं है, जिस पर केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा केंद्र की व्यवस्था परिषदीय नियमानुसार करने का कड़ा निर्देश दिया और दूरभाष पर डीआईओएस को भी निर्देशित किया। वहीं, रुदौली क्षेत्र में लाला रामकुमार इंटर कॉलेज पटरंगा परीक्षा केंद्र पर आंतरिक सचल दल ने इंटर के एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ लिया।