आरओ ने पंचायत उपचुनाव के लिए जारी की अधिसूचना
फैजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए सोमवार को रिटर्निंग अफसरों ने अधिसूचना जारी कर दी। जिले में तीन प्रधान, दो बीडीसी और 75 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों पर निर्वाचन होना है। मवई को छोड़कर सभी विकासखंडों में उपचुनाव होना है।
जिले के अमानीगंज विकासखंड की चंदौरा, रुदौली के भेलसर, मया बाजार के बनगवां के प्रधान पद रिक्त हैं। मसौधा के वार्ड संख्या 31, तारून के वार्ड संख्या 24 के क्षेत्र पंचायत सदस्य पद रिक्त हैं। इसी के साथ विभिन्न ब्लॉक क्षेत्र के 75 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों के लिए भी उपचुनाव कराए जा रहे है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्य भान ने बताया कि रिटर्निंग अफसरों ने पंचायत उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने की अंतिम तिथि 12 फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 13 फरवरी, उम्मीदवारी वापस लेने की तिथि 15 फरवरी को सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे और प्रतीक आवंटन तीन बजे से कार्य की समाप्ति तक होगा। मतदान 22 फरवरी को सात से पांच बजे तक और मतगणना 24 फरवरी को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी।