गोसाईगंज में मतदान से पहले भिड़े दो गुटों के समर्थक
-निर्दल प्रत्याशी के समर्थकों को अज्ञात लोगों ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
गोसाईगंज। निकाय चुनाव के होने वाले मतदान के पूर्व एक निर्दल प्रत्याशी के समर्थकों पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला कर दिया गया। हमले में आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को चोटें आई है। घटना के संबंध में स्थानीय थाने में निर्दल प्रत्याशी द्वारा मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
21 नवंबर को दिन के लगभग ढाई बजे एक निर्दल प्रत्याशी के प्रचार में बनराजा बस्ती में प्रचार के लिए जा रहे कार्यकर्ताओं पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को चोटें आई है। निर्दल प्रत्याशी मोहम्मद वैश अंसारी द्वारा स्थानीय थाने में दी गयी तहरीर के अनुसार उनके भाई मोहम्मद तबरेज, जमील हसन, इमरान अपने अन्य कार्यकर्ताओ के साथ बनराजा बस्ती में वोट मांग रहे थे कि अचानक पहुंचे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें लाठी डंडे और लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। सभी कार्यकर्ता जान बचाकर भागे तो अज्ञात लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया, मुख्य सड़क आ जाने से हमलावर फरार हो गए। इस घटना में तबरेज, जमील हसन व इमरान को गंभीर चोटे आई है। कोतवाल सुरेश पांडे ने बताया कि तहरीर मिली है कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय इंटर कॉलेज में हुआ दो गुटों में बवाल
गोसाईगंज। स्थानीय रामबली नेशनल इंटर कालेज के आवासीय कालोनी में जनसंपर्क कर रहे एक दल विशेष के कार्यकर्ताओं पर भी कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने की बात प्रकाश में आई है। घटनाक्त्रस्म में बताया गया कि एक राष्ट्रीय दल के लोग आवासीय कालोनी में लोगों से वोट के लिए प्रलोभन देने के साथ सामग्री बांट रहे थे। इसी बीच झुंड में पहुंचे कुछ अज्ञात युवकों ने आचार संहिता की दुहाई देते हुए मना किया। जिससे दोनों पक्षों में तू तू मैं मैं के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस बीच सूचना पर पूर्व विधायक अभय सिंह और वर्तमान विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू भी वहां पहुंच गए। घटना बड़ा रूप लेती इससे पहले वहां पुलिस पहुंच गई और दोनों गुट वापस चल गए। कोतवाल सुरेश पांडे ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ग्रामीण संजय प्रसाद, उप जिलाधिकारी मधुसूदन नागराज हुलगी, क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और कार्रवाई करने की बात कही।