अयोध्या। थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार क्षेत्र के गांव मड़ना माझा में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 12 लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर इनकी तलाश शुरू कर दी है।
ध्यान रहे कि शुक्रवार को सीओ सदर डॉ.राजेश तिवारी के नेतृत्व में थाना महाराजगंज व गोसाईगंज पुलिस के टीम ने गांव में छापा मारा था। इस दौरान करीब 37 भट्ठियां तोड़ी गईं व गड्ढों में दबी करीब 150 क्विंटल लहन निकालकर उसे नष्ट कराया गया था। जबकि सभी भट्ठियों को तोड़ा गया। हालांकि अवैध शराब का कारोबार करने वाले मौके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे।
वहीं, पुलिस द्वारा इन अवैध कारोबारियों को चिह्नित करने के बाद शुक्रवार की देर रात थाना प्रभारी गोसाईगंज दिनेश कुमार सिंह की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीओ सदर डॉ.राजेश तिवारी ने बताया कि अनंतराम, ओम प्रकाश मांझी, जगन्नाथ, रामरतन, रामपाल, माधव, चंद्रमा, कैलाश, संतोष मांझी, धनीराम, संतोष व मुकेश उर्फ डबलू के खिलाफ धारा 272 व आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद