अयोध्या। जिला विद्यालय निरीक्षक व जीजीआईसी की प्रधानाचार्य समेत 12 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। जबकि, 229 पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 141 संक्रमितों ने कोरोना से जंग जीत ली। अब 2467 मरीज सक्रिय हो गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राजबहादुर सिंह चौहान कोरोना संक्रमित होने पर मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर में भर्ती हुए थे। जहां बुधवार शाम गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
जहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज के परिसर में ही दम तोड़ दिया। जीजीआईसी की प्रधानाचार्य सुनीललता का भी इलाहाबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया। मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर में नौ और एक संक्रमित की अन्य स्थान पर मौत हो गई।
जिले में बृहस्पतिवार को 229 पॉजिटिव पाए गए हैं। सहादतगंज व मसौधा की कौशलपुरी में छह-छह, साहबगंज व सोहावल के बभनियावां में पांच-पांच संक्रमित मिले।
अंजनीपुरम, हैरिंग्टनगंज के अरूवावा वैश्य, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, रुदौली के लोहाटी सरैया व मया के कल्याणपुर में चार-चार पॉजिटिव मिले हैं। सिविल लाइंस, गोसाईगंज, बीकापुर के भैरोपुर, सरियावां, उसरू, पूरा की श्रीराम पुरम कॉलोनी में तीन-तीन समेत अन्य स्थानों पर संक्रमित पाए गए हैं।
कुल सक्रिय 2355 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जबकि 112 मरीजों को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर में भर्ती किया गया है।