रुदौली (अयोध्या)। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर रुदौली के एक युवक से 1.19 लाख रुपये ठग लिए गए। जब युवक विदेश न जा पाया तो उसने रविवार को लखनऊ में कार्यालय चलाने वाले बस्ती निवासी दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
वजीरगंज थाना कोतवाली रुदौली निवासी इमरान अहमद तहरीर में कहा है कि लखनऊ के बर्लिंग्टन चौराहे पर एक कॉम्पलेक्स में बस्ती जिले के कलाम और शाह आलम का कार्यालय है। ये विदेशों में भारतीय युवकों को मजदूर के रूप में भेजने का काम करते हैं।
इमरान का आरोप है कि दोनों ने मार्च 2022 में सऊदी अरब के रियाद शहर में भेजने के लिए पासपोर्ट व वीजा के नाम पर उससे 65 हजार रुपये नगद लिए। इसके बाद 15 अप्रैल को 17 हजार और नौ मई को 37 हजार बैंक खाते में जमा कराए। पैसे लेने के बाद उन्होंने 15 मई को मुंबई से रियाद जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा।
आरोप लगाया कि जब वह वहां पहुंचा तो उससे 25 हजार रुपये और मांगे गए। फिर एक माह बाद भेजने का वादा किया। इसी तरह वे उसे टरकाते रहे और बार-बार पैसा मांगते रहे। पासपोर्ट भी इन्होंने रख लिया है। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि इमरान की तहरीर पर कलाम और शाह आलम के विरुद्ध धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्जकर जांच की जा रही है।