अयोध्या। लक्ष्मणघाट मोहल्ले में जंगली सूकर के आतंक से लोग भयग्रस्त हैं। एक सूकर ने बुधवार को दो युवकों को घायल कर दिया। बताते हैं कि चार जंगली सूकर राजघाट होते हुए रिहायशी इलाकों में आ पहुंचे हैं। ये नदी किनारे झाड़ियों में छुपे बैठे हैं।
मंगलवार शाम अयोध्या के लक्ष्मण घाट क्षेत्र में जंगली सूकर रिहायशी इलाके में आ घुसा, इससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों को कहना है कि ये जंगली सूकर सरयू नदी के रास्ते राजघाट इलाके से होकर यहां आए हैं। बुधवार दोपहर एक सूकर ने सुमित्रा भवन निवासी अंकुर व बगल में कुर्सी पर बैठे दीपक को घायल कर दिया।
इनके पैर व हाथ में चोटें आईं हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडा आदि लेकर उसे भगाने का प्रयास किया तो सूकर लक्ष्मण घाट से गोलाघाट होते हुए दोबारा नदी में घुस गया।
स्थानीय निवासी रीतेश नाथ, प्रमोद मिश्रा व राजाबाबू का कहना है कि पानी के रास्ते आने वाले जंगली सूकरों की संख्या चार थी। इनमें से तीन अभी भी नदी किनारे छिपे हुए हैं।
वहीं प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. रवि कुमार सिंह का कहना है कि लोगों से सूचना मिलने पर वहां टीम गई थी। आसपास के झाड़ियों में अन्य सूकरों की तलाश की जा रही है। हमला करने वाला सूकर जंगली नहीं था।