फैजाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद फैजाबाद के तत्वावधान में जनपदीय बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान स्पोर्ट्स स्टेडियम मकबरा में किया गया। नगर क्षेत्र व रुदौली के बीच खेले गए मैच में नगर क्षेत्र की टीम विजयी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक रवींद्र सिंह व प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। पहला मैच रूदौली और नगर क्षेत्र के बीच खेला गया। नगर क्षेत्र की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 57 रन बनाए।
जवाब में रूदौली की टीम 50 रन ही बना सकी। नगर क्षेत्र के अभिजीत को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। हैरिंग्टनगंज के खिलाड़ियों को खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत मौर्य ने अपनी माता फूल कुमारी मौर्या के सौजन्य से क्रिकेट किट भेंट की।
प्रतियोगिता प्रभारी योगेश्वर सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के 14 आयु वर्ग से कम के बच्चों की यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराई जा रही है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरांव तारुन के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक गिरजेश जायसवाल और नागेश वर्मा के निर्देशन में सूर्य नमस्कार का म्यूजिकल योग प्रस्तुत किया।
इस मौके पर एडी बेसिक रवींद्र गौतम, रामकृष्ण गुप्ता, प्रभारी बीएसए संजय गुप्ता, क्रीड़ा प्रभारी शिवकरन सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा, अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे।