फैजाबाद। यातायात माह के अवसर पर ट्रैफिक व परिवहन विभाग के सहयोग से रविवार को यातायात जागरूकता रैली निकाली गई।
इसमें शामिल स्कूल के बच्चे व ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने बैनर, स्टीकर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
जागरूकता रैली सुबह 9:30 बजे उसरू स्थित गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज से शुरू हुई, जो नाका हनुमान गढ़ी तक गई। रैली को एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया व एआरटीओ प्रवर्तन उदित नारायन ने झंडी दिखाई।
टीएसआई इंद्रजीत यादव ने बताया कि यातायात माह के दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रैली में गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं व ट्रैफिक पुलिस के जवान व होमगार्ड ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने के साथ ट्रिपल राइडिंग व शराब पीकर वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया। इस कड़ी में सोमवार को सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास एक नेत्र शिविर लगाया जाएगा।