सीओ सदर की गाड़ी से टकराया टैंपो, सीज
अयोध्या। सीओ सदर दीपक कुमार की जीप में एक टैंपो ने जोरदार टक्कर मार दी, लेकिन सीओ बाल-बाल बच गए, जबकि दो यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के बाबूबाजार इलाके में सुबह सीओ सदर के वाहन को यात्रियों से भरी टैंपो ने टक्कर मार दी।
टैंपो में लगभग आधा दर्जन यात्री सवार थे, इनमें दो यात्रियाें को मामूली चोटें आयीं। अयोध्या कोतवाल अरविंद पांडेय ने बताया कि टैंपो को सीज कर दिया गया है, जबकि चालक मौके से भाग गया।
तालाब में डूबा युवक, मौत
शुजागंज। शुजागंज चौकी क्षेत्र के पसैया गांव में शुक्रवार की शाम शौच को गये युवक की रौनाही तटबंध के किनारे तालाब में डूबने से मौत हो गयी। मंजीत पुत्र जगराम (18) निवासी पसैया रौनाही तटबंध समीप ही स्थित तालाब पर अपने भतीजों को शौच कराने ले गया था।
पैर फिसल जाने से तालाब में गिर गया। चीख पुकार पर जब तक गांव वाले पहुँचे उसकी मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही शुजागंज चौकी प्रभारी अजेन्द्र प्रताप सिंह पहुँचे और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा।