साकेत महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर निलंबित
अयोध्या। परीक्षा ड्यूटी न करना साकेत महाविद्यालय के प्रोफेसर को महंगा पड़ गया। महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अवध विश्वविद्यालय परिनियमावली के परिनियम 14.7 में प्रदत्त शक्तियों के तहत एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नर्वदेश्वर पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया है।
साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि साकेत महाविद्यालय केंद्र पर 16 अक्तूबर से 49 महाविद्यालयों की बैक पेपर परीक्षाएं प्रारंभ हुईं। 29 अक्तूबर से 44 महाविद्यालयों की परीक्षाओं का केंद्र भी इसी महाविद्यालय को विश्वविद्यालय द्वारा बनाया गया। जिससे 29 अक्तूबर से कुल 93 महाविद्यालय के केंद्र की परीक्षाएं इस महाविद्यालय केंद्र पर हो रही हैं।
परीक्षार्थियों की अत्यधिक संख्या होने के कारण कक्ष परिप्रेक्षण हेतु 29, 30 व 31 अक्तूबर को तृतीय पाली में होने वाली परीक्षा में साकेत महाविद्यालय के रक्षा एवं स्त्रातेजिक अध्ययन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नर्वदेश्वर पांडेय की ड्यूटी लगाई गई। वे 29 अक्तूबर की द्वितीय पाली की परीक्षा में कक्ष परिप्रेक्षण हेतु उपस्थित हुए परंतु तृतीय पाली तथा 30 व 31 अक्तूबर को ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए और न ही कोई सूचना दी।
बताया कि यह गंभीर मामला है। जिस पर कार्रवाई करते हुए अवध विश्वविद्यालय की परिनियमावली के परिनियम 14.4 के खंड 01 के उपखंड क, ख एवं घ के आधार पर परिनियम 14.7 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर डॉ. एसपी सिंह मुख्य नियंता तथा डॉ. बीडी द्विवेदी, छात्र कल्याण अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।