प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक कार्यमुक्त
फैजाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में जिला समन्वयक देशराज यादव व उनकी टीम पर लगे आरोपों के बाद डीएम ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई की है। डीएम डॉ. अनिल कुमार ने देशराज यादव व उनकी पूरी टीम को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कार्यों से पूर्ण रूप से कार्यमुक्त करते हुए सख्त निर्देश दिये है। साथ ही कहा कि, आदेश पत्र जारी होने के बाद यदि देशराज यादव द्वारा या उनकी टीम के किसी भी सदस्य को उक्त योजना के तहत कोई कार्य करते हुए पाया जायेगा अथवा किसी प्रकार की संलिप्तता पायी जायेगी तो प्रत्येक सदस्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्टेस्लिट सिस्टम लिमिटेड कोलकाता के द्वारा भेजे गये जिला समन्वयक देशराज यादव व उनकी टीम के विरुद्ध जिले के प्रभारी मंत्री व मंत्री औद्योगिक विकास विभाग सतीश महाना की गत दिवस समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित जन प्रतिनिधियों द्वारा उक्त योजना के तहत धन उगाही किये जाने के संबंध में गंभीर शिकायतें की गई। प्रथम दृष्टया आरोप को गंभीरता को देखते हुए देशराज यादव जिला समन्वयक व उनकी पूरी टीम को उक्त योजना से पूर्ण रूप से बेदखल कर दिया गया है। बताया कि उन्होंने पत्र भेजकर निदेशक राज नगरीय विकास अभिकरण उप्र लखनऊ से दूसरा जिला समन्वय व दूसरी टीम आज ही फैजाबाद में तैनात करने का अनुरोध किया गया है।