विभा व मनाली बनीं प्रतियोगिता ‘सबसे स्मार्ट कौन’ की विजेता
फैजाबाद। शहर के श्रीरामपुरम कॉलोनी देवकाली की रहने वाले सगी बहनें विभा सिंह व मनाली सिंह ने अपनी प्रतिभा के बल पर जिले का नाम रोशन किया। दोनों बहनों स्टार प्लस के कार्यक्रम सबसे स्मार्ट कौन की विजेता बन गई हैं।
स्टार प्लस के सुनहले पर्दे पर प्रतियोगिता के फाइनल का मंगलवार को टेलीकास्ट किया जाएगा। दोनों बहनों ने स्टार प्लस टीवी चैनल की ओर से आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता में तमाम प्रतिभागियों को पछाड़कर प्रतिभा का परचम लहराया। श्रीरामपुरम कॉलोनी के रहने वाले दिग्विजय सिंह की पुत्रियां विभा एवं मनाली की शो के प्रसारण के लिए 11 जुलाई को मुंबई के अंधेरी में शूटिंग हो चुकी है। 7 जुलाई को पहेली प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विजेता बनी थी। बड़ी बहन विभा सावित्री महिला विद्यालय तकपुरा में बीएड की छात्रा है। जबकि छोटी बहन मनाली साकेत महाविद्यालय अयोध्या की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। पिता सावित्री महिला डिग्री कॉलेज में शिक्षक हैं। मां अनीता सिंह एक विद्यालय की संचालिका हैं। दोनों बेटियों के प्रतियोगिता में विजेता बनने पर मां ने कहा कि उन्हें दोनों बेटियों पर गर्व है। बेटियां आज बेटों से बढ़कर हैं। उन्होंने पढ़े बेटियां-बढ़े बेटियां के नारे को साकार करने के लिए अन्य बेटियों का आह्वान करते हुए कहा कि शाम साढ़े छह बजे होने वाला प्रसारण देश की बेटियों के लिए आत्म विश्वास की जीत होगी।