सरयू की रेत पर राममंदिर के लिए अनुष्ठान
अयोध्या। सरयू नदी के तट पर स्थित रामघाट बाईपास के पास सरयू की रेत पर बने कपिल मुनि आश्रम में निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत धर्मदास के सानिध्य एवं महंत विंध्याचल दास के संयोजन में श्रीरामजन्मभूमि विवाद विजय एवं भव्य श्रीराममंदिर निर्माण को संकल्पित श्रीमद् वाल्मीकि रामायण पारायण कथा, हवन पूजा का महाअनुष्ठान रविवार को प्रारंभ हुआ। इसका समापन 25 मार्च को रामनवमी पर्व पर होगा। रामजन्मभूमि मामले के पक्षकार निर्वाणी अनी अखाड़ा के महंत धर्मदास ने बताया कि अयोध्या में राममंदिर निर्माण से ही रामराज्य का मार्ग प्रशस्त होगा। अनुष्ठान के संयोजक विंध्याचल दास ने बताया कि नौ दिवसीय अनुष्ठान राममंदिर निर्माण को संकल्पित है। अनुष्ठान के माध्यम से राममंदिर निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की प्रार्थना इष्टदेव से की जाएगी। अनुष्ठान के शुभारंभ अवसर पर स्वामी रामसुखदेवाचार्य सहित अन्य मौजूद रहे।