पुलिस लाइन में दौड़ लगाते अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित सिपाही भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे चरण में भर्ती के सातवें दिन शुक्रवार को 1099 पुरुष अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई और 958 को सफल घोषित किया गया। शनिवार को भी 14 सौ अभ्यर्थियों को बुलावा भेजा गया है।
सिपाही पद पर भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से फैजाबाद पुलिस लाइंस ग्राउंड पर परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों अंबेडकरनगर, सुलतानपुर, फैजाबाद, बाराबंकी व अमेठी के महिला अभ्यर्थियों की दौड़ कराई गई थी। हालांकि गत शुक्रवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा का दूसरा चरण शुरू होने के बाद क्षेत्र का दायरा बढ़ा दिया गया।
पुरुष वर्ग की शारीरिक दक्षता परीक्षा में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के आवेदकों को दौड़ के लिए फैजाबाद पुलिस लाइन केंद्र आवंटित किया जा रहा है। दूसरे चरण की भर्ती के के सातवें दिन शुक्रवार को पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से 14 सौ पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। हालांकि इनमें से एक हजार 99 अभ्यर्थियों ने ही हाजिरी दर्ज कराई।
जिनको दो-दो सौ के टीम में कई चरणों में पुलिस लाइन ग्राउंड पर 2.4 किलोमीटर लंबी दौड़ के लिए ट्रैक पर उतारा गया। दौड़ लगाने वाले अभ्यर्थियों में 958 को सफल घोषित किया गया और 141 को असफल घोषित किया गया।
भर्ती के नोडल अधिकारी एसपी देहात कुलदीप नारायण ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के 14 सौ पुरुष अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया था। जिसमें से 1099 पुरुष अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लिया, जिनमें से 958 को सफल घोषित किया गया।