एयर स्ट्राइक के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त
अयोध्या। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के दूसरे दिन भी जुड़वा शहर अयोध्या-फैजाबाद में सुरक्षा सख्त रही। जगह-जगह पुलिस टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की गई।
बम निरोधक दस्तों ने होटलों, धर्मशालाओं समेत रेलवे व बस स्टेशन के आसपास तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार खुफिया विभाग को सतर्क कर दिया गया है। हर आने जाने वाले व संदिग्ध लोगों पर निगाह रखी जा रही है।
भारतीय वायुसेना की पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद धर्मनगरी अयोध्या व फैजाबाद शहर में भी पुलिस व खुफिया विभाग सतर्क हो गई है। पुलिस टीम ने बुधवार को भी बम व डॉग स्कवॉयड के साथ सार्वजनिक स्थल, पार्क, रेलवे व बस स्टेशन, होटल धर्मशालाओं में चेकिंग अभियान चलाया।
अयोध्या के प्रवेश के रास्ते नयाघाट, साकेत महाविद्यालय, टेढ़ी बाजार, बूथ नंबर-4 हरकारक का पुरवा, रामघाट तिराहा आदि पर अयोध्या में प्रवेश करने वाले वाहनों की तलाशी ली जाती रही।
सीओ अयोध्या अमर सिंह ने बताया कि विवादित परिसर समेत अन्य प्रमुख मठ मंदिरों पर निगाह रखी जा रही है। आने जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है।