अयोध्या। किसानों में रविवार को किसान सम्मान राशि को लेकर गजब का उत्साह व खुशी छाई रही। न कोई मेला था न राजनीतिक या किसानों की रैली। फिर भी जिले के 11 ब्लॉकों समेत मुख्यालय पर सुबह से ही हजारों किसानों का रेला उमड़ा।
लाइव प्रसारण देख रहे किसानों को जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर में बटन दबाकर किसान सम्मान राशि के दो हजार रुपये उनके खाते में भेजने की शुरूआत की, वैसे ही खाते में क्रेडिट हो रहे दो-दो हजार रुपये का मोबाइल पर आते जा रहे मैसेज से लोगों के चेहरे खिलखिला उठे। दोपहर बाद तक कुल 57 हजार 583 किसानों के खाते में 11 करोड़ 51 लाख 66 हजार की रकम क्रेडिट हो चुकी थी।
गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण के बीच यहां अवध विवि के संत कबीर सभागार में रविवार को सांसद लल्लू सिंह ने किसान सम्मान निधि योजना के प्रमाणपत्र बांटे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर वक्त गांव-गरीब, किसान व जवान के सम्मान व जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की चिंता की है। उन्होंने मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि सम्मान राशि से किसानों को खेती में सहूलियत मिलेगी। प्रभारी जिलाधिकारी व सीडीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि पांच एकड़ व उससे कम की खेती वाले अब तक कुल 3 करोड़ 87 लाख 478 किसानों का ब्योरा जुटाया गया है, यह सभी सम्मान राशि के दायरे में हैं।
जल्द ही सभी के खाते में सालाना मिलने वाली छह हजार रकम की पहली किस्त दो हजार रुपये भेज दी जाएगी। जिले के कुल कुल 2 करोड़ 4 लाख 455 किसानों का डाटा फीड हो चुका है। रविवार को कुल 57 हजार 583 किसानों के खाते में 11 करोड़ 51 लाख 66 हजार सम्मान राशि पहुंची है। बाकी बचे किसानों के खाते में कुछ हफ्ते में रकम पहुंच जाएगी। किसी को कोई दिक्कत हो तो संबंधित उपजिलाधिकारी व कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। मौके पर जिला स्तरीय अधिकारी व किसान आदि उपस्थित रहे।
फैक्ट फाइल:
लघु एवं सीमांत किसानों की संख्या- 3 करोड़ 87 लाख 478
साफ्टवेयर में फीड हुए किसानों का डाटा-2 करोड़ 4 लाख 455
किसान सम्मान राशि की पहली किश्त पाने वाले किसानों की संख्या 57 हजार 583
कुल किसानों के खाते में भेजी गई रकम 11 करोड़ 51 लाख 66 हजार