अयोध्या। स्काउट गाइड की ओर से बीते नवंबर में आयोजित की गई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को स्काउट भवन में हुआ। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में मो. वासिम व जूनियर वर्ग में अंकुर यादव अव्वल रहे।
सीनियर संवर्ग में मुमताज चिल्ड्रेन एकेडमी के मोहम्मद वासिम को प्रथम, लाला राम कुमार इंटर कॉलेज पटरंगा के नवमी लाल को द्वितीय व आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज गोसाईगंज की शिवांगी पांडेय को तृतीय, जूनियर संवर्ग में रामदेव स्मारक जूनियर हाईस्कूल बिसवां के अंकुर यादव को प्रथम, बलदेव प्रसाद इंटर कॉलेज के अंजनी तिवारी को द्वितीय व भारती इंटर कॉलेज बीकापुर के शिवपूजन चौहान को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि यश पेपर्स लिमिटेड के समन्वय प्रमुख गौतम घोष ने कहा कि जीवन में सर्वांगीण विकास के लिए स्काउटिंग का अपना योगदान है। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अनुराग टंडन ने बच्चों को जीवन में अच्छे कार्य के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय कुमार ने बच्चों में देश सेवा का जज्बा भरा तो रोटरी क्लब के निदेशक शेखर वर्मा ने बच्चों को सदाचरण सीखने और आमजन से अच्छा व्यवहार करने की सीख दी। प्रधानमंत्री प्रतियोगिता के विजेता निमिष अक्षत दीप एवं कुंभ मेला में सेवा कर लौटे स्काउट और राज्यपाल से सम्मानित स्काउट गाइड व कब बुलबुल को भी सम्मानित किया गया।