अब नियमित सुनवाई की उम्मीद, कई पक्षकार दिल्ली रवाना
अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले की शुक्रवार से शुरू हो रही सुनवाई पर यहां सबकी नजर है। पक्षकारों को उम्मीद है कि अब मामले में प्रतिदिन सुनवाई का रास्ता साफ हो सकता है।
सुनवाई की जानकारी हासिल करने के लिए मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब, हिंदू पक्षकार धर्मदास व विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा सुनवाई को लेकर दिल्ली पहुंच चुके हैं।
पक्षकारों ने स्पष्ट किया है कि अब इस मामले में देर नहीं होना चाहिए। प्रतिदिन सुनवाई कर शीघ्र मामले में फैसला देना चाहिए। पक्षकारों ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट जिसके भी हक में निर्णय देगी सभी पक्ष मानेंगे।
वहीं विहिप का कहना है कि कल की सुनवाई पर उनकी नजर रहेगी, इसके बाद आगे की रणनीति पर संत निर्णय लेंगे। मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी का कहना है कि सुनवाई जल्द शुरू हो जाए तो अच्छी बात है।
हिंदू पक्षकारों सहित हम भी सभी चाहते हैं कि अयोध्या मामला का समाधान जल्द हो जाना चाहिए। समझौते की किसी गुंजाइश से इंकार करते हुए कहा कि कोर्ट का जो निर्णय आएगा, मानेंगे।
नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास ने कहा कि आशा है कि अब नियमित सुनवाई शुरू हो जाएगी। कहा कि पीएम मोदी को अयोध्या आकर रामलला का दर्शन करने चाहिए, दर्शन न करने का ही परिणाम है कि तीन राज्यों में पराजय मिली। अदालत को जल्द निर्णय देना चाहिए।
मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब दिल्ली रवाना हो चुके हैं। कहा कि उम्मीद है कि मामले के सुनवाई प्रतिदिन होगी। फैसला किसी के हक में हो पर शीघ्र होना चाहिए। मोदी के बयान को ठीक बताते हुए कहा कि अब नए कानून नहीं परिणाम की जरूरत है।
हिंदू पक्षकार महंत धर्मदास भी सुनवाई में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट को अब बहुत देर नहीं करनी चाहिए। आस्था का मामला है, निर्णय आ जाएगा तो आपसी कटुता खत्म होगी। मुस्लिम पक्ष भी इस मामले का जल्द समाधान चाहता है।
विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा भी दिल्ली रवाना हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या मामले में सुनवाई को लेकर विहिप व रामजन्मभूमि न्यास की निगाह रहेगी। अब तारीख पर तारीख नहीं चलेगी।
अब इसका शीघ्र निस्तारण होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के रुख से स्पष्ट होगा कि इस मामले में आगे क्या उम्मीद है, उसी अनुसार संत निर्णय लेंगे।