अब तीन महीने तक सुरक्षित रहेगा पराग दूध
फैजाबाद। जिले में दूध की किल्लत को देखते हुए पराग दुग्ध सहकारी समिति ने अपने दूध की कीपिंग क्वालिटी बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब पराग के दूधों की कीपिंग क्वालिटी तीन महीने होगी। बिना रेफ्रीजेटर के इस दूध को पैकिंग डेट से तीन महीने तक रखा जा सकेगा। इससे पराग के दूध प्याज-आलू की तरह दुकानों पर बिक सकेंगे। इसके लिए पराग दुग्ध सहकारी समिति ने अपने अयोध्या स्थित प्लांट पर 54 करोड़ रुपये की नई आधुनिक मशीन लगाने जा रहा है। इसके लिए शासन से धन आवंटन हो चुका है।
जिले में प्रतिदिन 1.75 लाख लीटर दूध का उत्पादन होता है। सहकारी समितियों की ओर से प्रतिदिन सिर्फ आठ हजार लीटर दूध का उत्पादन हो पाता है। नियमों के अनुरूप पराग सिर्फ दुग्ध सहकारी समितियों से दूध खरीदती है। इससे शहर के उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त खपत नहीं हो पाती है। कुछ अन्य दुग्ध समितियों, डेरी व दूधियों के जरिए शहर की खपत को पूर्ण किया जाता है। इसके लिए पराग दुग्ध सहकारी समिति अपने ब्रांड का विस्तार करने जा रही है। पराग ने अयोध्या स्थित अपनी फैक्ट्री में एक नया प्लांट बना रही है। इस प्लांट के लिए शासन की ओर से 54 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित हो चुकी है। इसके लिए गुजरात की आईडीएमसी नामक कंपनी को कार्य का टेंडर आवंटित हुआ है। मौजूदा समय में कार्य चल रहा है। भवन बनने के साथ मशीन स्थापित की जा रही हैं। मशीन के स्थापित होते ही टेस्टिंग व इसके बाद तीन माह के कीपिंग क्वालिटी के दूध तैयार होने लगेंगे।
पराग दूध की कीपिंग क्वालिटी बढ़ाने के लिए अल्ट्रा हाई टेम्प्रेचर (यूएचटी) मशीन लगाएगी। मशीन में पहले दूध को 153 डिग्री सेंटीग्रेड से 136 डिग्री सेंटीग्रेड तक पाश्च्चुकृत किया जाएगा। इसके बाद इसे दो से तीन डिग्री माइनस पर रखा जाएगा। मशीन से निकाले जाने के बाद कीपिंग क्वालिटी तीन महीने तक होगी। कीपिंग क्वालिटी को बनाए रखने के लिए एक विशेष प्रकार की पॉलीथिन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए भी गुजरात की आईडीएमसी नामक कंपनी को टेंडर मिला है। यूएचटी मशीन से निकलने वाला दूध विशेष पॉलीथिन में रखा जाएगा।
पराग कीपिंग क्वालिटी को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए शासन से निर्धारित प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है। वर्ष 2019 तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। यूएचटी मशीन के चलने के पराग के दूध तीन माह तक रखे जा सकेंगे।-आईबी सिंह, जीएम, पराग दुग्ध सहकारी समिति, फैजाबाद