अग्नि दुर्घटना की रोकथाम को छात्र-छात्राओं को दिए टिप्स
फैजाबाद। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को एसएसपी सुभाष सिंह बघेल के निर्देशन में डीआरएम पब्लिक स्कूल फिरोजपुर गंगा में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें नूतन व अमृत मिश्रा अव्वल रहे।
विद्यालय के प्रबंधक बद्री तिवारी ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता में नूतन चतुर्वेदी प्रथम, अंशिका वर्मा द्वितीय एवं आकांक्षा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। जबकि निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय के अमृत मिश्रा प्रथम, आयुष गुप्ता द्वितीय एवं आकांक्षा सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जिनको विद्यालय प्रबंधन की ओर से मेडल प्रदान किया गया व प्रतिभाग करने वाले बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसी मौके पर विद्यालय में मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया। जिसमें आग लगाकर विद्यालय स्टाफ व फायर कर्मियों द्वारा आग को फायर एक्सटिंगिशर एवं मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर बुझाया गया। अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राय ने अग्नि दुर्घटना की रोकथाम के लिए उपस्थित विद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राओं को बताया। मॉक ड्रिल में प्रभारी फायर स्टेशन राज मंगल सिंह, उमेश चंद्र मिश्र, रंगीलाल, फायरमैन हृदयनाथ विश्वकर्मा, बृजपाल, राकेश मिश्रा, सुनील तिवारी, सलाउद्दीन आदि मौजूद रहे। इसके बाद श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या में भी मॉक ड्रिल कराया गया और उपस्थित स्टाफ व जनसमुदाय को सीएफओ आरके राय ने आग से बचाव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी गौतम, विपिन कुमार श्रीवास्तव, शिशिर कुमार आदि मौजूद रहे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि बुधवार को अयोध्या क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं मानस भवन में फायर ड्रिल का आयोजन किया गया है।