मंडल में 43 हजार से बच्चों ने छोड़ी परीक्षा
फैजाबाद। चाक-चौबंद व्यवस्थाओं व सीसीटीवी की निगरानी में यूपी बोर्ड की दूसरे दिन की परीक्षाएं संपन्न हुईं। दूसरे दिन बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल का प्रारंभिक हिंदी व सामान्य हिंदी और इंटर का संगीत गायन, संगीत वादन की परीक्षा तथा दूसरी पाली में इंटर के बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार व व्यावसायिक वर्ग की सामान्य आधारित प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा संपन्न हुईं। दूसरे दिन भी प्रशासन की सख्ती से सभी 132 केंद्रों पर कोई अनियमितता सामने नहीं आई। जिले में दूसरे दिन की परीक्षा में के 7137 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी।
यूपी बोर्ड की दो दिन की परीक्षा समाप्त होने के बाद मंडल के पांचों जिलों में सीसीटीवी की निगरानी में नकलविहीन परीक्षा कराने की सरकार की मुहिम का असर तेजी से दिख रहा है। प्रशासन की कड़ाई के चलते दो दिन की परीक्षा में अब तक मंडल के 43 हजार 496 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमेें हाईस्कूल के 29 हजार 246 और इंटर के 14 हजार 250 परीक्षार्थी शामिल हैं। अनुपस्थित छात्रों की संख्या फैजाबाद जिले में सबसे ज्यादा है। यहां पर 13963 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ दिया। जिसमें हाईस्कूल के 8765 तथा इंटरमीडिएट के 5198 परीक्षार्थी हैं। अंबेडकरनगर जिले में 10654 छात्र/छात्राओं ने परीक्षा छोड़ी। जिसमें हाईस्कूल के 7336 तथा इंटर के 3318 हैं। सुल्तानपुर में कुल 8557 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ा। जिसमें हाईस्कूल के 5938 और इंटर के 2619 परीक्षार्थी रहे। बाराबंकी जिले में कुल अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या 6318 है। जिसमें हाई स्कूल के 4488 और इंटर के 1830 परीक्षार्थी हैं। इसी प्रकार अमेठी जिले में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की कुल संख्या 4004 है। जिसमें हाईस्कूल के 2719 और इंटर के 1285 परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं जिले में दूसरे दिन की परीक्षा में के 7137 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी। फिलहाल दोनों दिन की परीक्षा में अभी तक किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है।
परीक्षा के दौरान गुल रही बिजली
बुधवार को बोर्ड परीक्षा की पहली पाली शुरू होते ही सोहावल के सभी फीडरों की बिजली गुल हो गई। इसलिए नकलविहीन परीक्षा की निगरानी के लिये लगाये गये सीसीटीवी कैमरे की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हुई। सुबह 7:30 पर परीक्षा शुरू हुई, 7:40 पर सोहावल फीडर से जुड़े सभी उपफीडरों पर विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। 2 घंटे की कटौती के बाद 9:40 पर आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे इन्वर्टर और जनरेटर के सहारे हो गये। जिसको लेकर परीक्षार्थियों में परीक्षा बाद यह चर्चा रही कि, नकल माफिया के इशारे पर बिजली गुल की गई। अवर अभियंता ज्ञानचंद्र ने बताया कि, परीक्षा के दौरान मुख्यालय से कोड आया था, जिसके कारण क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद थी।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सख्ती के चलते जिले में अब तक 13963 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। अभी तक किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है।-डॉ. राजेश कुमार आर्य, डीआईओएस फैजाबाद